ज्योतिष के अनुसार रंग और दिन का सही तालमेल दिलाता है सफलता

 रंगों का पर्व रंगपंचमी आज है। ये पर्व हमारे जीवन में रंगों का महत्व बताता है। इसी तरह ज्योतिष में हर दिन के लिए विशेष रंग बताया गया है। भारतीय ज्योतिष ग्रंथों के आधार पर सप्ताह के हर एक दिन का स्वामी 1 ग्रह होता है। उसके शुभ प्रभाव के लिए उस ग्रह के अनुसार विशेष रंग के कपड़े पहनने चाहिए। जिससे दोष दूर होते हैं और मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं।


सप्ताह के सात दिनों के रंग और उनका महत्व 


सोमवार


हिन्दू मान्यताओं के अनुसार सोमवार का दिन भगवान चंद्र देव का दिन होता है। और उन्हें सफेद रंग सबसे प्रिय है, इसलिए इस दिन सफेद रंग के कपड़े पहने जाते हैं और इसी रंग से जुड़ी चीजों का दान दिया जाता है और इसी रंग की चीजें खाई जाती हैं।


मंगलवार


यह दिन भूमि पुत्र मंगल ग्रह का होता है। इस ग्रह का रंग लाल है। इसके साथ ही पवनपुत्र, चिरंजीवी, अंजनी पुत्र हनुमानजी को भी समर्पित होता है। हनुमानजी को लाल रंग पसंद होने से इस दिन लाल रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए।


बुधवार


ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन का स्वामी ग्रह बुध है। इस बुध देव का रंग हरा होता है। इनके साथ ही यह दिन गणेशजी का भी माना गया है। भगवान गणेश को दुर्वा बहुत प्रिय है। दुर्वा का रंग हरा है तो ऐसे में यदि इस दिन हरे रंग का प्रयोग अपने कपड़े और खाने की चीजों में किया जाए तो सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है।


गुरुवार


गुरुवार यानी ये देव गुरु बृहस्पति का दिन होता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा का भी विशेष महत्व होता है। भगवान विष्णु और बृहस्पति ग्रह दोनों पीले वस्त्र और पीली चीजों से प्रसन्न होते हैं। इसलिए इस दिन पीले रंग के कपड़े पहनने चाहिए और पीली चीजें खानी चाहिए एवं उनका दान भी किया जा सकता है।


शुक्रवार


यह दिन आदि शक्ति को समर्पित होता है। उनके साथ ही स्त्री तत्व को प्रभावित करने वाले शुक्र ग्रह का भी दिन है। आदि शक्ति को गहरा लाल या गुलाबी रंग प्रसन्न है। वहीं शुक्र ग्रह के शुभ प्रभाव प्राप्त करने के लिए इन रंगों के कपड़े पहनने चाहिए या उनका दान भी किया जा सकता है। 


शनिवार


यह दिन शनि भगवान का होता है। मान्यताओं के अनुसार भगवान शनिदेव को नीला और काला रंग बहुत प्रिय है, इसलिए इस दिन नीले और काले कपड़े पहनना बेहतर होता है। इसके साथ ही इन रंगों के कपड़ों का दान भी किया जा सकता है। 
 


रविवार


इस दिन सूर्यदेव की उपासना की जाती है। भगवान सूर्य को लाल और नारंगी वस्त्र प्रिय है, इसलिए इस दिन नारंगीद या लाल रंग के कपड़े पहनने चाहिए, इससे सूर्यदेव की कृपा बनी रहेगी और इन रंगों के प्रभाव से आत्मविश्वास भी बढ़ता है।